पांगी में तीन मंजिला मकान में लगी आग
आपकी खबर, चंबा।
जनजातीय जिला चंबा के दूरदराज क्षेत्र पांगी में आज एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया था। हालांकि मकान के साथ रखा पशुओं का चारा आग की भेंट चढ़ गया। जानकारी के अनुसार पांगी के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत करयास के मांजुलू गांव में तीन मंजिला मकान के तीसरी मंजिल में अचानक आग लग गई। ऐसे में घर के सदस्यों ने बाहर निकल कर मदद के लिए आसपास के लोगों को आवाज लगाकर बुलाया। स्थानीय लोग घटनास्थल पर तुरन्त पहुंचे तथा इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। इस अग्निकांड में इमारती लकड़ी समेत सर्दियों के लिए इकट्ठा किया गया चारा और कई सामान जलकर राख हुआ है। घटना में राम सिंह पुत्र देवी सिंह का नुकसान हुआ है। हालांकि पांगी प्रशासन द्वारा नुक्सान का आंकलन नहीं किया गया है।