बिलासपुर : नम्होल के पास निजी बस खाई में गिरी, चार घायल
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दी छुट्टी
आपकी खबर, बिलासपुर।
29 जनवरी। जिला के नम्होल क्षेत्र के समीप बुधवार देर रात एक निजी बस सड़क से फिसलकर करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस चालक, परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर लाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना के समय बस में चालक, परिचालक और तीन सवारियां मौजूद थीं। घायल रिशु निवासी हमीरपुर के बयान पर पुलिस ने बस चालक महेंद्र सिंह निवासी कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यात्री नितिन ठाकुर को छोड़कर अन्य सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

