महिला उद्यमियों की वित्तीय सशक्तता के लिए फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट आयोजित
70 महिलाएं हुईं शामिल, बैंकिंग और बीमा योजना की दी जानकारी
आपकी खबर, कुल्लू।
23 जनवरी। जिला उद्योग केंद्र द्वारा महिला उद्यमियों के लिए फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र, कुल्लू की प्रबंधक प्रवीण लता ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को वित्तीय संसाधनों, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा बाजार से प्रभावी रूप से जोड़ना रहा। इसमें 70 महिला उद्यमियों ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन से हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बैंकिंग सुविधाओं, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, विभिन्न सरकारी सब्सिडी योजनाओं, बीमा योजनाओं, उद्यम पंजीकरण तथा ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रियाओं से संबंधित विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर सफल महिला उद्यमी इंदिरा देवी ने जिला उद्योग केंद्र, कुल्लू के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ₹10 लाख का ऋण प्राप्त कर अपने हैंडलूम व्यवसाय को सफलतापूर्वक स्थापित करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके उद्यम से प्रतिवर्ष लगभग ₹18–20 लाख का टर्नओवर प्राप्त हो रहा है।
इसके अतिरिक्त, सफल उद्यमी अभिरूप सल्हूरिया ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ₹32 लाख का ऋण, जिसमें ₹8 लाख की सब्सिडी शामिल है, प्राप्त कर अपने फ्लेक्स प्रिंटिंग एवं एडवर्टाइजमेंट व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित करने के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम उद्देश्य महिला उद्यमियों की वित्तीय पहुँच को सुदृढ़ करना, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा बाजार से प्रभावी रूप से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। इनमें एनएसआईसी से मुख्य प्रबंधक शशलोकेश भाटिया, आरसेटी कुल्लू के निदेशक चंदर नारायण सिंह, एलडीएम कार्यालय से वरिष्ठ अधिकारी, अभिनव ठाकुर (मार्केटिंग ऑफिसर), श्रीधर (एग्रीकल्चर ऑफिसर), दिप्तांशु ठाकुर (मार्केटिंग ऑफिसर), ग्रामीण विकास विभाग/एनआरएलएम से मिशन एक्जीक्यूटिव नीरज शर्मा, तथा उद्योग विभाग के परियोजना स्टाफ राजेंद्र शर्मा,अभिनेत शर्मा, महेंद्र, प्रिया एवं दिव्य प्रकाश उपस्थित रहे।

