भराड़ी में हिन्दू सम्मेलन आयोजित, संस्कार, समरसता और राष्ट्रबोध का दिया संदेश
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 28 दिसंबर। भराड़ी बस्ती क्षेत्र में हिन्दू सम्मेलन समिति भराड़ी की ओर से हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही और यह उत्साह, अनुशासन व सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता निधि ने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, स्वयं का भाव, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यबोध जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और जागरूक नागरिक ही राष्ट्र को सशक्त दिशा प्रदान कर सकता है।

सम्मेलन में बच्चों द्वारा प्रस्तुत वन्दे मातरम् तथा रामायण और महाभारत पर आधारित सांस्कृतिक मंचन ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. सुरेश ने कहा कि आज विश्व भारत का अनुसरण कर रहा है और वह दिन दूर नहीं जब भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा। मुख्य अतिथि वरुण गणेश शुक्ला ने भारतीय संस्कारों और संस्कृति पर गर्व करने का आह्वान किया।
प्रोमिला की भजन मंडली ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर नगर संघ चालक उधम, नगर संयुक्त प्रचारक अभिषेक, शिमला विभाग विमर्श प्रमुख एवं हिन्दू सम्मेलन संयोजक अनुज पन्त तथा नगर कार्यवाह अशोक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्ण अनुशासन, सौहार्द और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

