कालीबाड़ी में हिंदू सम्मेलन आयोजित, पंच परिवर्तन नाटक ने मोहा सबका मन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 6 दिसंबर। कालीबाड़ी हॉल में कॉमली बैंक एवं चौड़ा मैदान बस्ती क्षेत्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से शनिवार को हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम पूर्णतः अनुशासित, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रमेश पप्पा अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख ने अपने विस्तृत संबोधन में समाज जीवन के अनेक आयामों पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से, पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, स्वयं का भाव, समरसता, नागरिक कर्तव्य बोध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने कहा कि “सजग और उत्तरदायी नागरिक ही राष्ट्र की सुदृढ़ दिशा तय करता है।”

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर आधारित शिक्षाप्रद एकलाप नाटक था, जिसमें अभिनय और निर्देशन संजय सूद ने किया। नाटिका ने सामाजिक व व्यक्तिगत जीवन में परिवर्तन की आवश्यकता को अत्यंत सरल, प्रभावी और संवेदनशील शैली में प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
हिमाचल की सांस्कृतिक छटा बिखेरते हुए पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों के साथ प्रस्तुत हिमाचली नाटी ने सम्मेलन को विशिष्ट सांस्कृतिक आयाम प्रदान किया। दर्शकों ने नाटी को खूब सराहा और उत्साह से भरपूर सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्ण अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्ष मधु सूद, विशिष्ट अतिथि ममता, क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख हरीश, प्रान्त प्रचारक संजय आदि सभी विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने सम्मेलन की महत्ता और प्रभाव को और अधिक सशक्त बनाया।
कार्यक्रम का संयोजन अनुज पन्त ने किया। स्थानीय स्वयंसेवकों और नागरिकों के सक्रिय सहयोग से हिंदू सम्मेलन अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और प्रभावशाली सिद्ध हुआ।

