कविंद्र गुप्ता बने हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल
बड़ी खबर: कविंद्र गुप्ता को बनाया हिमाचल का राज्यपाल, शिव प्रताप शुक्ल का स्थान लेंगे
आपकी खबर, शिमला।
5 मार्च। हिमाचल प्रदेश को नए राज्यपाल मिल गए हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की जगह लेंगे। उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का दायित्व मिलने पर शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया है।
बता दें कि हिमाचल सहित अन्य राज्यों के भी राज्यपाल को नियुक्ति दी है। इनमें तरनजीत सिंह संधु को दिल्ली, शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना, तेलंगाना के राज्यपाल जिश्नु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसी तरह नंद किशोर यादव को नगालैंड, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार, तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि अब से पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल होंगे।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु, दिल्ली के राज्यपाल वीके सक्सेना को लद्दाख का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
कविंद्र गुप्ता लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें प्रशासनिक तथा राजनीतिक अनुभव का लंबा कार्यकाल हासिल है। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके अनुभव और संगठन में निभाई गई सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही उनके शपथ ग्रहण कार्यक्रम की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

