राजनीति

अपने गिरेबान में झांके भाजपा नेता, हमें न सिखाएं कानून व्यवस्था का पाठ : कौशल मुंगटा

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने चेतन बरागटा, अजय श्याम और शशि बाला को आड़े हाथों लिया

अपने गिरेबान में झांके भाजपा नेता, हमें न सिखाएं कानून व्यवस्था का पाठ : कौशल मुंगटा

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने चेतन बरागटा, अजय श्याम और शशि बाला को आड़े हाथों लिया

बोले, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर की गई टिप्पणी बेबुनियाद

आपकी खबर, शिमला। 21 अक्तूबर

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा ने जिला शिमला के भाजपा नेताओं के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जिला शिमला में भाजपा के पास कंगना रनौत जैसे अपरिपक्व व उल-जलूल बयानबाजी करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।

सस्ती लोकप्रियता के बहकावे में चेतन बरागटा जैसे लोग भी कानून व्यवस्था को मुद्दा बना रहे हैं, जो चुनावों में स्वयं पत्थरबाजी करने की धमकियां देते रहते थे। इसका  वीडियो भी उनके पास मौजूद है।

यही नहीं चेतन बरागटा के सानिध्य में उनके समर्थक तो जगत प्रकाश नड्डा और अमित शाह को भी उपचुनाव में पैरों पर झुकाने जैसे बयान दिया करते थे। इनसे शिष्टाचार और सभ्यता, कानून और व्यवस्था पर भाषण सुनना हमारा भी दुर्भाग्य है। रही बात रोहित ठाकुर के कोटखाई थाना फूंकने के जिक्र करने की, तो वो कोई काल्पनिक घटना नहीं है। बल्कि वो एक सच्चाई है कि कैसे उस वक्त लोगों को भड़काकर भाजपा के नेताओं के सामने थाना फूंका गया और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गई।

कौशल मुंगटा ने कहा कि शशि बाला और अजय श्याम को टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। शशि बाला तो स्वयं भाजपा कार्यकाल में वन मंडलाधिकारी रोहडू व पुलिस और अन्य अधिकारियों को सरेआम धमकाया करती थी। इसका अखबारों तक ने स्टिंग ऑपरेशन किया था, तो ऐसे लोग जब हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर टिप्पणी करते है तो जवाब देना लाजिमी बन जाता है।

उन्होंने कहा कि आज जुब्बल कोटखाई नावर ही नहीं पूरा हिमाचल रोहित ठाकुर के शिक्षा विभाग में दमदार नेतृत्व का लोहा मान रहा है। कड़वे और बड़े निर्णय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ले रहे है। उन्होंने 7000 भर्तियों को सृजित करवाया और 3000 बैच वाइज हो भी चुकी है। 2500 पाईपलाइन में है और साथ ही 6200 एनटीटी की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द ही होने वाली है।

कॉलेजों में 100 से अधिक प्रिंसिपल की भर्तियां रोहित ठाकुर के कार्यकाल में हो चुकी है। यहीं नहीं 500 के करीब असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्तियां भी रोहित ठाकुर के कार्यकाल में हो चुकी है। यही नहीं अपने क्षेत्र में सड़कों का जाल रोहित ठाकुर ने बिछा दिया है। जहां भाजपा के पूरे कार्यकाल में 4 सड़कों की पासिंग हुई है वहीं रोहित ठाकुर ने अपने छोटे से कार्यकाल में 88 सड़कों की पासिंग करवा दी है।

साथ ही नाबार्ड, पीएमजीएसवाई विधायक प्राथमिकता इत्यादि मदों के माध्यम से भी रिकार्ड सड़कें बन रही हैं, जो एक कीर्तिमान है। इसको जुब्बल कोटखाई नावर का प्रत्येक नागरिक मानता है। इसीलिए विकास की बातें छोड़ ये लोग ऐसे उल जुलूल विषयों पर कंगना रनौत से सीख ले कर सुर्खियों में आना चाहते है, जिसका वे विरोध करते है। कौशल मुंगटा ने आगे कहा कि इन तीनों नेताओं को पहले पंचायती राज का चुनाव जीतकर दिखाना चाहिए वही उनके लिए बड़ी बात होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button