मछलियां मारने के लिए चलती विद्युत लाइन में लगाई वायर, घंटों तक ठप्प रही विद्युत आपूर्ति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

मछलियां मारने के लिए चलती विद्युत लाइन में लगाई वायर, घंटों तक ठप्प रही विद्युत आपूर्ति

मामला दर्ज, आरोपियों के खिलाफ होगी उचित कार्रवाई : डीएसपी

आपकी खबर, करसोग। 17 नवंबर

जिला मंडी के उपमंडल करसोग मुख्यालय में मछलियां मारने के लिए चलती विद्युत लाइन का इस्तेमाल किया गया। शुक्रवार शाम तकरीबन 4 बजे कुछ शरारती तत्व मछलियां मारने के मकसद से इमला खड्ड पहुंचे। खड्ड में मछलियों को मारने के लिए उन्होंने एचटी लाइन पर वायर डाल कर उसे खड्ड में बहते पानी से जोड़ दिया। वायर जोड़कर विद्युत करंट का सहारा लेते हुए इन शातिरों ने मछलियों को मौत के घाट उतार दिया।

इसी बीच एचटी लाइन ऑटो ट्रिप हो गई। इसके चलते उपमंडल मुख्यालय के आस पास की विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। घंटों तक विद्युत आपूर्ति ठप्प रही जिसके चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने के बाद उपभोक्ताओं ने विद्युत शिकायत कक्ष में फोन करने शुरु कर दिए। उपभोक्ताओं को जवाब मिल रहा था कि विद्युत आपूर्ति जल्द ही बहाल कर दी जाएगी। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए फील्ड विजिट कर रही टीम को मेन फॉल्ट ही नहीं मिल पा रहा था।

टीम ने आनन फानन में कुछ क्षेत्रों में तो विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी लेकिन कुछ क्षेत्रों में शनिवार सुबह तकरीबन 8 बजे तक ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई। विद्युत मंडल करसोग में तैनात कनिष्ठ अभियंता गगन कुमार ने एच.टी. लाइन से हुई छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस थाना करसोग में दर्ज करवा दी है। उन्होंने बताया कि मछलियों को मारने के लिए इस्तेमाल की गई वायर और लकड़ी के टुकड़े को भी कब्जे में लिया गया है, जिन्हें पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए डी.एस.पी. करसोग गौरवजीत सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्युत आपूर्ति ठप्प होने के बाद आपूर्ति बहाल करने में जुटी विद्युत मंडल की टीम को शुक्रवार रात 10 बजे तक पेट्रोलिंग करनी पड़ी। पूरी लाइन चेक करने के बाद भी मेन फॉल्ट टीम को नहीं मिल पाया। अंधेरा होने की वजह से तकरीबन 2 कि.मी. पेट्रोलिंग करने के बाद टीम ने सुबह ही फॉल्ट ढूंढना मुनासिब समझा।

शनिवार सुबह शुरू हुई पेट्रोलिंग के बाद जैसे ही टीम इमला खड्ड के किनारे पहुंची तो एच.टी. लाइन पर झूल रही वायर ने सबको चौंका दिया। खड्ड में मरी मछलियों को देखकर टीम समझ गई कि मछलियों को मारने के लिए एच.टी. लाइन से छेड़छाड़ की गई है।

aapkikhabar
Author: aapkikhabar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें