Saturday, April 20, 2024

विधायक दीपराज ने विधानसभा में उठाया पेयजल परियोजनाओं का मामला

उप-मुख्यमंत्री ने कहा करसोग क्षेत्र की पेयजल समस्याओं का करेंगे स्थायी समाधान

आपकी ख़बर, शिमला।
विधायक दीपराज ने आज विधानसभा सदन में करसोग क्षेत्र में पेश आ रही पानी की समस्याओं के विषय को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आज भी करसोग के कई गांव ऐसे हैं जहां सिंचाई और पेयजल की समस्या पेश आ रही है। ऐसे में इसका स्थायी समाधान करने हेतु सतलुज नदी से पानी उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है। इसी पर उन्होंने प्रश्न पूछा कि सतलुज नदी से करसोग क्षेत्र के लिए कितनी उठाऊ पेयजल परियोजनाओं और बहाव पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और कब तक ये कार्य पूर्ण होंगे। अधिकतर पेयजल परियोजनाओं के कार्य पूर्व भाजपा सरकार ने शुरू किए थे।

विधायक दीपराज के प्रश्न पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभा पटल पर जानकारी उपलब्ध करवाई। डिप्टी सीएम ने अवगत करवाया कि करसोग क्षेत्र की जनता को लाभान्वित करने के लिए 12 उठाऊ पेयजल परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से 2 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त अन्य परियोजनाओं के कार्य शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।

डिप्टी सीएम ने अवगत करवाया कि करसोग क्षेत्र के लिए 11 बहाव पेयजल परियोजनाएं स्थापित होंगी। इनमें से दो परियोजनाओं के कार्य पूरे हो गए हैं तथा अन्य परियोजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि करसोग क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक दीपराज ने इसके अतिरिक्त बेसहारा पशुओं एवं पशु पर टैगिंग को लेकर भी प्रश्न लगवाया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts