धरोगड़ा की इस बेटी ने किया क्षेत्र का नाम रोशन
डॉक्टरी उपाधि के बाद पहली नियुक्ति अपने ही पैतृक गांव धरोगड़ा में मिली
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 26 नवंबर। शिमला ग्रामीण मंडल के धरोगड़ा गांव के लिए यह खुशी का पल है। डॉ. आरुषि मेहता सुपुत्री नरेंद्र मेहता, गांव व डाकघर धरोगड़ा, उप-तहसील जलोग, तहसील सुन्नी, जिला शिमला की इस बेटी ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डाॅक्टरी की उपाधि प्राप्त करने के बाद पहली नियुक्ति धरोगड़ा में ही पाई है। इससे क्षेत्र में खुशी की लहर व्याप्त है।
यह शिमला ग्रामीण की पहली बेटी हैं, जिन्होंने डॉक्टरी की शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत समाज सेवा के लिए अपने गांव को ही चुना। इस निर्णय से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। इनकी माता यशोदा मेहता, जो आयुष फार्मेसी में ऑफिसर के पद पर हैं, और पिता नरेंद्र मेहता, जो रजिस्ट्रार, हिमाचल प्रदेश राज्य उपभोक्ता आयोग शिमला में सेवाएं दे रहे हैं, दोनों ही समाजसेवा और समर्पण की भावना से प्रेरित हैं। इन्हीं संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए डॉ. आरुषि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता–पिता, गुरुजनों और समाज को दिया है। डॉ. आरुषि मेहता की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरी ग्राम पंचायत धरोगड़ा हर्ष और गर्व से प्रफुल्लित है।

