साधुपुल विवेकानंद विद्या निकेतन स्कूल के पांच बच्चे बने सेना में अग्निवीर
विवेकानंद विद्या निकेतन केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला : रवि मेहता
आपकी खबर, ब्यूरो।
सोलन, 28 दिसंबर। विवेकानंद विद्या निकेतन विद्यालय, साधुपुल के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के पांच होनहार छात्रों—आदित्य वर्मा, कुनाल शर्मा, चेतन शर्मा, सन्नी कुमार एवं आयुष ठाकुर—का चयन भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के अंतर्गत हुआ है। इन युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विवेक संस्था के चेयरमैन रवि मेहता के सान्निध्य में विद्यालय के सभागार में लगभग 500 लोगों की उपस्थिति में एक भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त दिनेश ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का महत्व बताते हुए वर्ष 2026 में देश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में होने वाले सैन्य प्रशिक्षण के लिए उन्हें शुभकामनाओं सहित विदाई दी।

इस अवसर पर विवेक संस्था के चेयरमैन रवि मेहता ने कहा कि विवेकानंद विद्या निकेतन केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमारा संस्थान साहसी, अनुशासित और देश सेवा के लिए समर्पित अग्निवीरों सहित अनेकों युवक-युवतियों को तैयार करता रहेगा, ताकि वे भारतीय सेना एवं अन्य राष्ट्रीय सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र की सेवा कर सकें। इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सभी ने चयनित अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गर्व के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी। यह कार्यक्रम न केवल चयनित विद्यार्थियों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।

