विधानसभा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए, वॉकआउट व नारेबाजी के लिए नहीं : रुमित सिंह ठाकुर
आपकी खबर, ब्यूरो
शिमला, 22 अगस्त। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के वर्तमान सत्र में विपक्ष द्वारा बार-बार वॉकआउट और नारेबाजी किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही जनता की समस्याओं पर गंभीर चर्चा और उनके समाधान के लिए है, न कि बार-बार हंगामे और सदन से बाहर जाने के लिए।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि विधानसभा का प्रत्येक मिनट हिमाचल की जनता के लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश की जनता टैक्स देती है और उसे उम्मीद रहती है कि उसके चुने हुए प्रतिनिधि सदन में बेरोजगारी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक चुनौतियों और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। ऐसे में बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित होना प्रदेश की जनता के हितों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा में ‘जिंदाबाद-मुर्दाबाद’ और वॉकआउट ही राजनीति का तरीका बन जाएगा, तो प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा कौन करेगा। हिमाचल की जनता राजनीतिक शोर-शराबा नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान चाहती है।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने की राजनीति का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को सदन में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि विपक्ष हो या सत्ता पक्ष, सभी विधायकों का दायित्व है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएं और समाधान की दिशा में सार्थक भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हिमाचल की जनता के सामने यह तय करने का अवसर होगा कि उसे ऐसी राजनीति चाहिए जो विधानसभा का समय हंगामे और वॉकआउट में गंवाए या ऐसी राजनीतिक व्यवस्था चाहिए जो सदन का प्रभावी इस्तेमाल जनता के हित में करे।
रुमित सिंह ठाकुर ने प्रदेश की जनता से अपील की कि वह अपने मत की ताकत का इस्तेमाल करते हुए ऐसे जनप्रतिनिधियों को जवाब दे और राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ाए।
