छात्रों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही प्रदेश सरकार : धर्माणी
डीएवी स्कूल डडौर के मेधावी छात्रों को पुरस्कार बांटे, वार्षिक समारोह की अध्यक्षता की
आपकी खबर, ब्यूरो।
मंडी, 2 जनवरी। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज, नेरचौक के सभागार में आयोजित डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डडौर के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने मेधावी छात्रों को पुरस्कार बांटे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छात्र जीवन व्यक्तित्व विकास की पहली सीढ़ी होती है। छात्रों को इस समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ अनुशासन में रहते हुए चरित्र निर्माण पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र एक लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने में कड़ी मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में डीएवी स्कूल, डडौर के छात्रों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि डीएवी संस्था शिक्षा के क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल का भविष्य होता है और यहां से निकले छात्र एक जिम्मेवार नागरिक के रूप में देश व प्रदेश की सेवा करेंगे।

