शिमला के चलौंठी में टनल निर्माण से मचा हड़कंप, घरों में आई दरारें
आधी रात को खाली कराए गए मकान, 15 परिवार कड़ाके की ठंड में बेघर
आपकी खबर, शिमला।
10 जनवरी। राजधानी शिमला के चलौंठी क्षेत्र में टनल निर्माण कार्य के चलते आसपास के रिहायशी भवनों में दरारें आ गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आधी रात को नजदीकी भवनों को खाली करवा दिया। इससे वहां पर स्थित एक होटल भी इसकी जद में आ गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से करीब 15 परिवारों को कड़ाके की ठंड में अपने घर छोड़ने पड़े। हाल ही में भठ्ठाकुफर में सरकारी बस को मोड़ते समय भी सड़क पर अचानक एक गड्ढा बन गया था। इस गड्ढे में एक बच्ची भी चली गई थी। इस बच्ची को रेस्क्यू के बाद निकाला गया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टनल निर्माण के दौरान लगातार कंपन और खुदाई के कारण मकानों की दीवारों व फर्श में दरारें आनी शुरू हो गई थीं। देर रात दरारें बढ़ने पर किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित आश्रय, गर्म कपड़े और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने टनल निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की भी मांग उठाई है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजकर भवनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी।

