हिमाचल का गौरव : मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ब्रिटिश संसद में मिला ‘यूथ एंड आइकॉन’ अवार्ड
आपकी खबर, ब्यूरो।
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री (PWD Minister) विक्रमादित्य सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। बीते 12 दिसंबर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद (हाउस ऑफ कॉमन्स) के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा प्रतिष्ठित ‘यूथ एंड आइकॉन’ (Youth and Icon) अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्हें बधाई देने वालों का भी सोशल मीडिया पर तांता लग गया।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने विक्रमादित्य सिंह को यह सम्मान उनके प्रभावी युवा नेतृत्व और बौद्धिक राजनीति (Intellectual Politics) को बढ़ावा देने के लिए दिया है। संस्था ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश में पिछले वर्ष आई भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान उनके कार्यों को रेखांकित किया।
यह सम्मान समारोह ब्रिटेन की संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स में आयोजित किया गया था। इस दौरान भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद और अन्य अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। विक्रमादित्य सिंह ने इस सम्मान को हिमाचल की जनता और आपदा के दौरान काम करने वाले हर कर्मचारी को समर्पित किया।
विक्रमादित्य सिंह, हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं। इतनी कम उम्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह पहचान मिलना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उनके बढ़ते हुए राजनीतिक कद को भी दर्शाता है।

