घरोग घणाहट्टी में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रवास, 8 सत्रों में संगठन और सरकार की नीतियों पर चर्चा
पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, जिला अध्यक्ष केशव चौहान सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
आपकी खबर, घणाहट्टी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत शिमला ग्रामीण के घरोग घणाहट्टी में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रवास आयोजित किया गया। इस दौरान कुल आठ सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति, केंद्र सरकार की योजनाओं और सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने की।

पहले सत्र में पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के करीब सात लाख बूथों पर इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना के बाद जिस तरह पार्टी का विस्तार हुआ, आज भाजपा नैतिकता और उसूलों पर चलने वाली पार्टी के रूप में विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि पार्टी मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध तरीके से इस तरह के प्रशिक्षण आयोजित कर रही है।

दूसरे सत्र में भाजपा के जिला प्रवक्ता जितेंद्र भोटका ने राष्ट्र चेतना के लिए कार्य विस्तार विषय पर चर्चा करते हुए बूथ और पन्ना प्रमुख की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण समिति, सभी वर्गों की सहभागिता, रचनात्मक संपर्क और लक्षित समूह तक पहुंच बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तीसरे सत्र में देवराज कश्यप ने पार्टी के इतिहास और विकास पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है और कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने जनसंघ के उद्देश्य और विचारधारा को भी विस्तार से समझाया।
चौथे सत्र में भाजपा के जिला अध्यक्ष केशव चौहान की उपस्थिति में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से लेकर अब तक 81 करोड़ लोगों को अंत्योदय योजना का लाभ दिया गया है। इसके अलावा 55 करोड़ आयुष्मान कार्ड, नारी शक्ति वंदन के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम कुसुम ऊर्जा योजना, राष्ट्रीय पशुधन योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
पांचवें सत्र में दिग्विजय सिंह भानू ने कार्य पद्धति के उद्देश्य विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अनुशासित सैनिक की तरह कार्य करता है। उन्होंने पार्टी की बैठक, प्रशिक्षण, कार्यशाला, प्रवास और संगठनात्मक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम “मन की बात” को जन-जन की आवाज बनाने का आह्वान किया।
छठे सत्र में जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह जिन्ना ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
सातवें सत्र में प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा ने सोशल मीडिया की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दौर में मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से हर व्यक्ति तक तेजी से पहुंचा जा सकता है। उन्होंने बदलते डिजिटल दौर और एआई तकनीक के प्रभाव के बारे में भी जानकारी दी।
अंतिम सत्र सांस्कृतिक संध्या का रहा, जिसमें सांस्कृतिक दल ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बनाया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने “चंबा कितनी दूर” गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
