करसोग के सेरी बंगलो में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती की ओर बढ़े 100 किसान
आत्मा मंडी की पहल: सेरी पंचायत में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर सफल
जीवामृत से दाशपर्णी तक—किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाए गए करसोग में
आपकी खबर, करसोग।
27 फरवरी। विकास खंड करसोग की ग्राम पंचायत सेरी बंगलो में शुक्रवार 27 फरवरी को कृषि विभाग आत्मा (ATMA) मंडी द्वारा एक दिवसीय किसान गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में क्षेत्र के लगभग 100 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जिला मंडी से प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा मंडी डॉ. राकेश पटियाल तथा डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. संजय ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ एसएमएस करसोग डॉ. प्रवीण गुप्ता, पूर्व प्रधान संतोष कुमारी, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स एवं सीआरपी क्लस्टर सेरी कला देवी, फार्मर मास्टर ट्रेनर सोम कृष्ण गौतम, बीटीएम मोहित कुमार और एटीएम सोनाली महाजन ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने किसानों को जीवामृत, घन जीवामृत, दाशपर्णी अर्क और सप्त धान्यांकुर जैसे प्राकृतिक इनपुट तैयार करने और उपयोग करने की विधियां भी समझाईं, जिससे खेती की लागत घटे और उत्पादन की गुणवत्ता बढ़े।
कार्यक्रम में सेरी, बालीधार और आसपास की तीन पंचायतों के प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर सीआरपी सेरी क्लस्टर से शकुंतला तथा बालीधार क्लस्टर से रोशनी देवी सहित कई किसान मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सेरी बंगलो की ओर से आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस तरह की गोष्ठियां किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और इससे क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।

