करसोग में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, सेरी क्लस्टर के 90 किसानों का किया सत्यापन
आपकी खबर, करसोग।
करसोग उपमंडल की ग्राम पंचायत सेरी बंगलों के अंतर्गत सेरी क्लस्टर में सोमवार को प्राकृतिक खेती को लेकर एक महत्वपूर्ण गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान शिमला से आए सत्यापन अधिकारी रमन कांत ने अपनी टीम के साथ करीब 90 किसानों का वेरिफिकेशन किया।

इस टीम में करसोग ब्लॉक की एटीएम सोनाली महाजन, बीटीएम मोहित, चोरीधार पंचायत की सीआरपी शकुंतला भी शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान किसानों से प्राकृतिक खेती से जुड़ी जानकारी ली गई तथा उनके खेतों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया गया।
सेरी क्लस्टर की सीआरपी कलादेवी ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान किसानों से प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों, उपयोग किए जा रहे संसाधनों और उत्पादन की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।

शिमला से आए अधिकारी रमन कांत ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में जागरूक किया और उन्हें सितारा सर्टिफिकेट योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रमाणन किसानों को उनकी जैविक और प्राकृतिक खेती की गुणवत्ता के आधार पर दिया जाता है, जिससे उनके उत्पादों को बेहतर पहचान और बाजार मिल सकता है।
इस अवसर पर सेरी क्लस्टर के किसानों के कार्यों की सराहना करते हुए टीम ने उनके प्रयासों को सराहनीय बताया और भविष्य में भी इसी तरह प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित भी किया।
