Wednesday, May 1, 2024

आपका वोट 5 साल नहीं 25 साल के विकास के लिए होगा : पीएम नरेन्द्र मोदी

  • आपका वोट 5 साल नहीं 25 साल के विकास के लिए होगा : पीएम नरेन्द्र मोदी
  • बोले- पांच-पांच साल वालों ने करवाया हिमाचल का नुकसान 
  •  हम मिलकर नया रिवाज बनाएंगे, भाजपा को फिर से लाएंगे 
  • दवाई के उदाहरण से पांच-पांच साल के साइड इफेक्ट समझा गए प्रधानमंत्री

 आपकी खबर, मंडी।

“इस बार का हिमाचल चुनाव बहुत खास है, क्योंकि इस बार 12 नवंबर को जो वोट पड़ेंगे वो वोट आने वाले पांच वर्ष के लिए ही नहीं है। यह वोट हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा।” ये बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुंदरनगर के जवाहर पार्क में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।

 

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब देश आजादी के 100 वर्ष मनाएगा तब हिमाचल भी अपनी स्थापना के 100 वर्ष मनाएगा। अगले 25 साल का कालखंड बहुत अहम है। अमृतकाल के इन वर्षों में तेज विकास और स्थिर सरकार जरूरी है। हिमाचल के लोग इस बात अच्छी तरह समझ रहे हैं। वो जानते हैं भाजपा यानी स्थिरता, भाजपा यानी सेवा भाव, भाजपा यानी संभाव, भाजपा यानी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता। इसलिए इस चुनाव में हिमाचल के लोग भाजपा की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं और फौजियों की ये धरती जब संकल्प लेती है तो उसे सिद्ध करके ही दिखाती है।

 

  • ‘मैंने तय किया था कि मंडी जाऊंगा और क्षमा मांगूंगा’

 

प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत में कहा मुझे कुछ दिन पहले मंडी आना था लेकिन मौसम अचानक खराब हो गया था। बारिश इतनी तेज थी, लेकिन लोग मैदान में डटे हुए थे। तब मैंने हिमाचल की युवा शक्ति को वर्चुअली संबोधित किया था। उसी समय मैंने तय कर लिया था कि जब भी हिमाचल चुनावी रैलियां शुरू होंगी सबसे पहले मैं मंडी जाऊंगा और आप सभी से क्षमा मांगूगा। मंडी और हिमाचल के लोगों ने इतना कष्ट उठाया और मैं पहुंच नहीं पाया। इसकी पीड़ा मेरे मन में हमेशा रहेगी। हालांकि आज मुझे उतना ही अच्छा लग रहा है। क्योंकि आज हिमाचल की मेरी पहली सभा मंडी के सुंदरनगर से हो रही है।

 

  • मैंने निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है, दुर्गम क्षेत्र पैदल मापे हैं

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देवभूमि से मेरा बहुत ही निकट का नाता रहा है। सुंदरनगर में पहले भी बहुत बार आना होता था। मैंने निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है और सराज, कुल्लू, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र भी पैदल मापे हैं। सुंदरनगर की इतनी सुंदर बीबीएमबी झील को कौन भूल सकता है।

 

  • पीएम ने याद किए गंगाराम, दिले राम और दामोदरदास

 

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मैं जब यहां से जाता था तो अकसर यहां चाय पीना और यहां के लोगों से बातें करना मेरा क्रम बन गया था। तब मैंने नहीं सोचा था कि देश और हिमाचल की सेवा का मौका मिलेगा। सुंदरनगर के पुराने साथी बात किया करते होंगे तो उन्हें भी आशचर्य हुआ करता होगा। हमारे ठाकुर गंगा सिंह जी, दिले राम जी, दामदोर दास जी जैसे अनेग सहयोगियों से मैंने बहुत कुछ सीखा।

 

  • बॉक्सर आशीष और पहाड़ी लोगों के जज्बे को किया सलाम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आपके सुंदरनगर के होनहार सुपूत बॉक्स आशीष चौधरी से मुझे बातचीत करने का मौका मिला था। टोक्यो ओलंपिक जाने से पहले जब वो स्पेन में ट्रेनिंग ले रहे थे तब मेरी बात हुई थी। पिता की मृत्यु के बाद जिस तरह का हौसाल आशीष ने दिखाया वो सभी नहीं दिखा पाते हैं। सुंदरनगर के लोगों और पहाड़ी लोगों की यही पहचान है।

 

आजादी के बाद कांग्रेस ने बहुत लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश पर शासन किया है। कांग्रेस के लिए सरकार में आना में और रहना राज-पाठ चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में तो कांग्रेस तरसाओ, लटकाओ, भटकाओ की नीति चलाती थी। कांग्रेस ने हमेशा यही सोचा कि इतना छोटा राज्य है जहां से तीन-चार सांसद आते हैं। इस छोटे राज्य की हैसियत क्या है। देश की राजनीति में इसका क्या फर्क पड़ता है। बड़े-बड़े राज्यों की आवाभगत होगी। इसी सोच की वजह से कांग्रेस ने हिमाचल के विकास को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी। इसी वजह से हिमाचल लगातार पीछे होता चला गया।

 

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीच-बीच में आपने यहां भाजपा की सरकारें बनाईं तो यहां कुछ काम आगे बढ़ा। सौभाग्य यह रहा कि पहले अटल जी थे तो यहां धूमल जी थे। अब मुझे सेवा का मौका दिया तो आपने यहां जयराम जी को मौका दिया। लेकिन उन दिनों को याद रखो जब केंद्र और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो विकास तेजी से हो रहा था, लेकिन जैसे ही कांग्रेस की सरकार आई तो उन्होंने काम ठप कर दिए। फिर पांच-पांच साल के चक्कर में पड़ गए। इस वजह से हिमाचल विकास की ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया, जबकि इस पर हिमाचल का हक और आवश्यक्ता थी।

 

  • पांच-पांच साल वालों ने आपका बहुत नुकसान करवाया

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच-पांच साल में सरकार बदलने के साइड इफेक्ट भी समझाए। उन्होंने कहा कि आप सोचिए अगर घर में कोई बीमार होता है और किसी डॉक्टर से दवाई लेता है। हफ्ते भर दवाई लेता है और फिर कोई आकर कहता है कि ये अंग्रेजी दवाई क्यों लेते हो। उसके प्रभाव में आकर मरीज को लगता है कि अब दूसरे हफ्ते आयुर्वेदिक दवाई खाओ। फिर कोई आता है और कहता है कि ये आयुर्वेदिक दवाई क्यों खा रहे हो, ऐसा करो होम्योपैथी खाओ। फिर मरीज तीसरे हफ्ते होम्योपैथी शुरू कर देता है। एक हफ्ते एक दवाई, दूसरे हफ्ते दूसरी दवाई और चौथे हफ्ते चौथी दवाई खाने से मरीज कैसे ठीक होगा। बीमारी है तो एक दवाई को लंबे समय तक इस्तेमाल करके देखें कि फायदा होता है या नहीं। इतनी जल्दी-जल्दी दवाइयां बदलने से बीमारी जाती नहीं है और किसी को फायदा नहीं होता है। हिमाचल में ऐसी ही गलती होती रही और उसका परिणाम आया कि इसके लिए किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं ली। आपकी जो तकलीफें हैं शिमला में बैठने वालों में इसकी चिंता नहीं की। क्योंकि उन्हें पता था कि पांच साल बाद तो आना ही नहीं। ये पांच-पांच साल वालों ने आपका बहुत नुकसान किया है। आप सरकार से जवाबदेही चाहते हैं तो उसे दोबार मौका दें ताकि उसे लगे हिमाचल की जनता अच्छे काम को आशीर्वाद देती है। इससे काम करने का उत्साह डबल हो जाता है। उन्होंने कहा कि आपने मुझे दिल्ली में बिठाया है मैं आपके लिए कुछ करना चाहता हूं। पांच साल से कर रहा हूं और आगे भी करना चाहता हूं। आप मुझे मौका दें, लेकिन आपने ऐसे लोगों को बिठा दिया जो काम को आगे नहीं बढ़ने देंगे तो मैं कितना ही जोर लगा लूं काम में रुकावटें आएंगी। इसलिए भाजपा की सरकार बनाईए। कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में हिमाचल का जितना नुकसान किया है उसकी भरपाई के लिए भाजपा को दोबार सरकार बनाने वाला यह चुनाव है। 50 साल से ज्यादा हो गए जब कांग्रेस ने गरीब हटाओ की बात कही थी। चुनाव होते गए और गरीब हटाओ का नारा देकर कांग्रेस सरकार बनाती गई, लेकिन गरीब नहीं हटी। झूठी गारंटी देना कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। कांग्रेस की सच्चाई यह है कि 2012 में जिस घोषणापत्र पर वो चुनाव जीते उसमें एक भी काम उन्होंने 2012 से 2017 के दौरान नहीं किया। उन्होंने घोषणापत्र खोलकर देखा ही नहीं। भाजपा की पहचान है कि जो हम कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपाते हैं।

 

  • हम जो वादा करते हैं वो वादा निभाते हैं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया था। हिमाचल की धरती पालमपुर से ही वो निर्णय लिया गया था। हमने वादा निभाया आज राम मंदिर बन रहा है। हमने अनुच्छेद 370 हटाने का निर्णय लिया था। हमने वह वादा भी निभाया। हमने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था। हमने वो वाद भी निभाया, जबकि कांग्रेस 40 साल से हर चुनाव में वन रैंक वन पेंशन देने का वादा करती थी। हमने वन रैंक वन पेंशन के लिए 60 हजार करोड़ रुपये दिया। यदि कांग्रेस की सरकार होती तो आज भी वन रैंक वन पेंशन के नाम पर आप लोगों ठगा जाता। उनके वादे कभी सही नहीं निकले। इस चुनाव में भी वादे करेंगे उन पर विश्वास नहीं करना।

  • कांग्रेस ने दलाली खाकर किया जिंदगियों से खिलवाड़

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज के युवा यह नहीं जानते होंगे के आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से लेकर जब तक कांग्रेस की सरकार रही उसने रक्षा क्षेत्र में जमकर दलाली की। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा क्षेत्र के साजो सामान में आत्मनिर्भर बने। वो सेना के लिए की जाने वाली हर खरीद में कमीशन चाहती थी। वो केवल अपनी तिजोरी भरना चाहती थी। हथियार खरीदने में देरी की गई। इससे सबसे बड़ा नुकसान हिमाचल की वीर माताओं को हुआ। जिसने अपना बेटा मातृ भूमि की रक्षा के लिए बॉर्डर पर भेजा था। हथियारों में दलाली खाकर कांग्रेस ने कितनी ही जिंदगियों से खिलवाड़ किया है। मैं हिमाचल की माताओं और बेटियों से ये अन्याय नहीं होने दूंगा। इसलिए आज भारत आत्मनिर्भर अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है। कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं देश के विकास भी विरोधी रही है। गुजरात में इतने साल मुख्यमंत्री रहते हुए मैंने इसे महसूस किया है। उन्होंने कहा कि जब आपने मुझे 2014 में सेवा अवसर दिया तो मैं चाहता था कि हिमाचल में विकास तेजी से हो। लेकिन उस समय यहां कांग्रेस की सरकार थी। मुझे आज भी याद है कि केंद्र सरकार की अनेकों योजनाओं को यहां लागू नहीं होने दिया गया। उनके दिमाग में यही नशा था कि मोदी होता कौन है। यदि उसकी योजनाओं को लागू करेंगे तो हिमाचल के लोगों मोदी को अपना नेता मानेंगे।

 

  • डबल इंजन सरकार में 8 हज़ार घर बने, कांग्रेस में केवल 15

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 2014 से 2017 के बीच यहां कांग्रेस की सरकार थी। हमने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत हमने पैसे दिए। कांग्रेस का सिर्फ लागू करना था। उस दौरान केवल 15 घर बने। जैसे ही आप लोगों ने हिमाचल को डबल इंजन की सरकार दी तो हमने 10 हज़ार घरों पर काम शुरू किया। आज मुझे संतोष के साथ जयराम और उनकी टीम का अभिनंदन करना है कि इसमें 8 हज़ार से ज्यादा घरों पर काम पूरा हो चुका है। अब आप तय कीजिए कि आपको 15 घर बनाने वाली सरकार चाहिए या 10 हज़ार घर बनाने वाली सरकार चाहिए। हम आपके लिए काम करने वाले लोग हैं। मैं पूरा हिसाब लेकर आया हूं। मैं आज भी ये सोच कर ये परेशान होता हूं कि यदि 2017 में भी कांग्रेस की सरकार आती और जयराम मुख्यमंत्री नहीं बनते तो क्या होता।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीते दो साल में दुनिया की इतनी बड़ी महामारी थी। हिमाचल ने तो देश में सबसे शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया। कांग्रेस ने तो गंभीर से गंभीर बीमार के लिए वर्षों तक इंतजार करवाया था। आप कल्पना करें यदि महामारी के समय यहां कांग्रेस होती तो क्या होता।

 

  • ये काम मोदी और जयराम ने नहीं आपके वोट ने किए हैं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब हिमाचल में सभी को टीका लग गया तो टूरिस्ट को लगने लगा कि हिमाचल सेफ है। यहां का टूरिज्म फिर से बढ़ने लगा। मैं इसके लिए सभी हेल्थ वर्कर्ज, आंगबाड़ी और आशा वर्कर्ज को नमन करता हूं। ये काम मुफ्त में हुए। इसमें एक पैसा नहीं लिया गया। यदि उस समय कांग्रेस होती तो हिमाचल में सबसे अंत में टीके पहुंचते। क्योंकि हिमाचल सिर्फ चार सीट वाला राज्य है।

आज भी डबल इंजन सरकार मुफ्त राशन दे रही है। माताएं और बहने मुझे आशीर्वाद देती हैं कि दिल्ली में एक ऐसा बेटा बैठा है जिसने हमारे चूल्हे को बुझने नहीं दिया। कांग्रेस की सरकार होती गरीबों का राशन लुट जाता। उन्होंने कहा कि 2017 में आपने भाजपा को सेवा का मौका देकर आपने देवभूमि की रक्षा की है। यदि आपने ऐसा नहीं किया होता तो आज 9 लाख घरों में नल से जल नहीं पहुंचाता।

यहां कि लाखों रसोइयों में उज्ज्वला और गृहिणी सुविधा का सिलेंडर नहीं पहुंचता। हिमकेयर और आयुष्मान योजना के तहत चार लाख लोगों को मुफ्त इलाज नहीं मिलता। अटल टनल का काम वहीं लटका पड़ा होता। इसे आप हमेशा याद रखें ये काम मोदी और जयराम ने नहीं किया है। ये काम आपने और आपके वोट ने किया है। इस बार इससे भी बढ़िया काम होंगे।

 

  • हम मिलकर नया रिवाज बनाएंगे, फिर से भाजपा को लाएंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हिमाचल के लोगों का वोट आज प्रदेश के इन्फ्रस्ट्रक्चर को मजबूत कर रहा है। कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे को फोरलेन करने का काम कांग्रेस को इतने साल सत्ता मे रहने के बावजूद नहीं सूझा। ये काम हमारी सरकार कर रही है। यह टूरिज्म को ताकत देगा। मंडी-पठानकोट फोरलेन का काम भी हमारी सरकार कर रही है। इस पर 9 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय गांव में जितनी सड़कें बनाई गई थी हमारी सरकार ने उससे दोगुनी सड़कें बनाकर दिखा दी है। डबल तेजी से काम डबल इंजन सरकार की पहचान है। आठ दिसंबर को नतीजे आने के बाद हिमाचल के विकास में और तेजी लाई है। भाजपा सरकार ने आगे के रोड मैप पर काम करना शुरू कर दिया है। वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज, पर्वतमाला से रोपवे का शुरू किए हैं। ऐसे कार्यों में तेजी लाई जाएगी। आपको याद रखना है कि हर बूथ पर कमल का फूल ही उम्मीदवार है। कमल के फूल पर पड़ा हर वोट हिमाचल के इस बेटे को दिल्ली में ताकर देगा। हम मिलकर नया रिवाज बनाएंगे भाजपा को फिर से लाएंगे।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्याम सरण नेगी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सुबह जब दिल्ली से निकला तभी मुझे स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता किन्नौर के रहने वाल श्याम सरण नेगी जी के निधन की दुखद खबर मिली। उन्होंने अपने जीव में 30 से ज्यादा बार मतदान किया था। उन्होंने इसी विधानसभा चुनावों के लिए भी पोस्ट बैलेट से मतदान दिया। जाने से पहले भी उन्होंने मतदान करके अपना कर्तव्य निभाया। यह बात हर नागरिक और युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। मैं बहुत भावुक मन से आदरणीय श्याम सरण नेगी जी को श्रद्धांजलि देता हूं।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts