Thursday, May 16, 2024

कांग्रेस ने घोटालों से देश का सिर झुकाया तो मोदी सरकार ने चांद तक नाम कमाया : बलबीर वर्मा

  • कांग्रेस ने घोटालों से देश का सिर झुकाया तो मोदी सरकार ने चांद तक नाम कमाया : बलबीर वर्मा
  • बोले, एक माह में गोबर खरीदे सुक्खू सरकार वरना गोबर को ट्रकों में भरकर सचिवालय लाएंगे
  • महिलाओं को नहीं मिले 1500 रुपए प्रतिमाह, महिला मोर्चा करेगा विधानसभा का घेराव

आपकी खबर, शिमला।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। वर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता में आई और लोगों को बहकावे में लेकर वोट मांगे गए। आज हम केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गर्व महसूस कर रहे हैं। देश विदेश ही नहीं चांद तक पहुंचकर देश का नाम हुआ है। देश सुरक्षित हाथों में रहे इसके लिए 2024 के चुनावों के लिए कमर कसनी शुरू करेंगे।

वर्मा ने कहा कि हिमाचल में भी भाजपा को एकजुट होकर इस सरकार को सत्ता से बाहर करना चाहिए। कांग्रेस ने जमीन और जमीन के नीचे दोनों जगह घोटाले किए हैं। चाहे वो कोयला घोटाला हो या फिर 2G स्पेक्ट्रम घोटाला।

बलबीर वर्मा मंगलवार को शिमला ग्रामीण भाजपा मंडल की कार्यसमिति की बैठक में बोल रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि सरकार अपनी सभी गारंटी पूरी करने में विफल हुई है। एक माह के भीतर अगर गोबर खरीदने की गारंटी पूरी नहीं होगी तो गोबर को ट्रकों में भरकर सचिवालय के बाहर फेंका जाएगा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और हिमाचल में पिछली जयराम सरकार की नीतियों को जन जन तक ले जाने का आह्वान किया।

 

बैठक में बलबीर वर्मा, राशिमधर सूद, पूर्व प्रत्याशी रवि मेहता, जिला अध्यक्ष प्रेम ठाकुर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्यार सिंह कंवर, जिला विस्तारक संजीव कुमार सहित मंडल एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने हिस्सा लिया।

 

  • महिला मोर्चा करेगा विधानसभा का घेराव : राशिमधर सूद

महिलाओं को 1500 रुपए देने का झूठा वायदा करने वाली सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी में हिमाचल प्रदेश महिला मोर्चा की तैयारी चल रही है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष राशिमधर सूद ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को झूठे वायदे कर सुक्खू सरकार सत्ता में आई। प्रदेश भर में आगामी 2 अक्तूबर तक सेवा सप्ताह चलाया जाएगा।

 

  • नहीं हुआ सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग बहाल, सुन्नी चौक पर ग्रामीण मंडल का धरना कल

 

भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल ने सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग को बहाल न करने पर कड़ा ऐतराज जाहिर किया है। मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने कहा कि बीते दिनों बारिश से यह सड़क मार्ग अवरूद्ध हो गया था, जो अभी तक बहाल नहीं किया गया है। उन्होंने पहले ही चेता दिया था कि अगर समय रहते यह मार्ग बहाल नहीं किया गया तो ग्रामीण मंडल धरना देगा। इस संबंध में उपायुक्त आदित्य नेगी और उप मंडल अधिकारी निशांत ठाकुर को ज्ञापन सौंपा गया था। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि बुधवार 6 सितंबर को सुन्नी चौक में धरना दिया जाएगा। उसके बाद तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts