मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी में 9.53 करोड़ के थली पुल का किया लोकार्पण, खेल महाकुंभ-2026 का हुआ समापन
युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकता : विक्रमादित्य सिंह
शिमला ग्रामीण के विकास को मिलेगी नई गति, सुन्नी में पुल और लोक निर्माण विभाग के आवास जनता को समर्पित
आपकी खबर, ब्यूरो।
सुन्नी, 15 नवंबर। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा की तहसील सुन्नी का दौरा किया और 9.53 करोड़ रुपए से सतलुज नदी के ऊपर थली नामक स्थान पर बनाए गए 145 मीटर लंबे स्पैन स्टील सस्पेंशन ब्रिज का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 84 लाख रूपए की राशि से निर्मित किए गए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवासों का उदघाटन किया और तत्पश्चात राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में आयोजित किए गए शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं इसका उदाहरण दिखाती हैं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रतिभा सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा व देवेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष पंचायत समित कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर तथा ग्राम पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
फगेड़ा की टीम रनरअप को मिली 25,000 नकद राशि
खेल महाकुंभ में अच्छा प्रदर्शन करते हुए महिला कबड्डी टीम फगेड़ा (पनेश) रनरअप चुनी गई। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने 25,000 रुपए नकद राशि दी और पूरी टीम की हौसला अफजाई भी की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में जो भी कमी रही है उसे आने वाले समय में और सुधार किया जाएगा।
विद्यापीठ के संस्थापक रमेश शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन करने वाली फगेड़ा टीम को दिए 5,100 रुपए
उधर, जैसे ही रनरअप चुनी गई फगेड़ा टीम क्षेत्र में पहुंची तो बधाइयों का तांता लग गया। टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, इसके लिए स्थानीय निवासी एवं विद्यापीठ के संस्थापक डॉ. रमेश शर्मा ने ऐच्छिक निधि से 5,100 रुपए देने की घोषणा की। इससे पूरी टीम का हौसला और भी बढ़ गया।
