कृषि-बागवानी

कांग्रेस कार्यकाल में सड़कों का बिछा जाल, प्रदेश के विकास को दी तवज्जो : रोहित ठाकुर

  • बोले, बागवानी के साथ पर्यटन होगी प्राथमिकता:रोहित ठाकुर

आपकी खबर, जुब्बल। 

जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी और पर्यटन की दृष्टि से सड़कों की विशेष महत्वता को देखते हुए सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह बात जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने पराली और शिल्ली पंचायत में विधायक जनता के द्वार व जन आभार कार्यक्रम के दौरान कही। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक सड़क घनत्व जुब्बल-नावर-कोटखाई में हैं जो पिछले कांग्रेस कार्यकाल (2012-17) में बढ़कर 221 प्रति 100 वर्ग किलोमीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि ठियोग- खड़ापत्थर-हाटकोटी सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग का दर्जा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 2014 में मिला था। रोहित ठाकुर ने कहा कि विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित ठियोग-हाटकोटी सड़क योजना का 92% निर्माण कार्य भी पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करवाया गया और इस सडक पर ₹475 करोड़ खर्च किये गए। उन्होंने कहा कि ठियोग-हाटकोटी सड़क योजना के कार्य में गति आई है शेष बचे 8% निर्माण कार्य को इस वर्ष पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि पराली पंचायत में ओडी-मडाण-गाड़नू सम्पर्क सड़क को जोड़ने का हर सम्भव प्रयास किया जाएगा और डीम, डकैड गांव के अंतर्गत सड़कों को चरणबद्ध तऱीके से पक्का किया जाएगा। इसी प्रकार शिल्ली पंचायत के जाचली-बाइना और प्रावंठी-भगोली-दोगरी संपर्क मार्ग को विधायक प्राथमिकता में डाल कर पक्का करने और शिरठी गांव को सड़क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि गुगलीधार (पुराना जुब्बल) में ₹1.54 करोड़ की लागत से 22 केवी के विद्युत नियंत्रण केंद्र का नवीनीकरण किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी हैं और इसी सोच के चलते जुब्बल-नावर-कोटखाई में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाग़वानी,बिजली और पानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई हैं जिसे आगे भी ज़ारी रखा जाएगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र और बाग़वानों की समस्याओं को विधानसभा के भीतर और सरकार के समक्ष मज़बूती के साथ उठाकर हल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए खड़ापत्थर, गिरी गंगा और कुपड़ को विकसित किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि खड़ापत्थर में सीए स्टोर स्थापित किया जाएगा।

रोहित ठाकुर ने पराली व शिल्ली पंचायत की समस्त जनता का कांग्रेस पार्टी को अपार स्नेह और आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने पराली व शिल्ली पंचायत के काँग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मेहनत का फल हैं। विधायक रोहित ठाकुर ने जन समस्याओं को भी सुना और जल्द ही विभागों के अधिकारियों से संवाद कर निपटारा करने का आश्वासन दिया।

जन आभार कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत पराली की प्रधान मीनाक्षी माजटा, उप प्रधान विनीत चौहान, बीडीसी सदस्य कोमल हांजटा, पूर्व प्रधान हेत राम , कौशल्या शर्मा, माया राम, यशपाल, शिल्ली पंचायत के प्रधान किरपा राम, उप प्रधान रणधीर शरखोली, पूर्व प्रधान लोकिन्दर चौहान, लायक राम बिन्टा, भोपिन्दर सिंह, पूर्व उप प्रधान करतार चौहान आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button