नेरवा से पांवटा साहिब जा रही HRTC बस कवाणु के पास खाई में गिरी, 3 की मौत, दर्जनों घायल
मौके पर बचाव कार्य जारी, कई घायलों की हालत गंभीर
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने जताया शोक
आपकी खबर, नेरवा।
3 फरवरी। शिमला जिला के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना उत्तराखंड सीमा के समीप कवाणु क्षेत्र में हुई, जहां बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार HRTC की यह बस नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कवाणु के पास संकीर्ण और घुमावदार पहाड़ी मार्ग पर पहुंची, उसी दौरान चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे वाहन को पास देते समय बस सड़क से फिसल गई और सीधे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के समय बस में 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उधर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन को बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा है।

