Monday, May 20, 2024

करसोग का उत्साह देखकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आ गई थुनाग की याद

  • करसोग का उत्साह देखकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आ गई थुनाग की याद
  • 2017 की चुनावी जनसभा के दौरान थुनाग के भाजपा कार्यकर्ताओं का किया जिक्र
  • भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनावी रैली को संबोधित करने करसोग पहुंचे थे केंद्रीय मंत्री

आपकी ख़बर, करसोग। 

जिला मंडी के करसोग में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सिराज हलके के थुनाग की याद आ गई। थुनाग की याद केंद्रीय मंत्री को यूं ही नहीं आई। इसके पीछे की वजह कोई और नहीं बल्कि भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। इसका खुलासा केंद्रीय मंत्री ने करसोग के बरल में जनसभा को संबोधित करते हुए खुद ही किया है। भाजपा को पूरे देश में मजबूती के साथ खड़ा करने व कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ही अमित शह को जाना जाता है।

 

चुनावी प्रचार हो या संगठन की बेहतरी के लिए कुछ आवश्यक कदम उठाने हों उसमें अमित शाह एक रणनीतिकार के तौर पर अहम भूमिका निभाते रहे हैं। दरअसल चुनावी प्रचार में जुटे केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक अमित शाह 2017 के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उसे जीत में तब्दील कर चुके हैं। 2017 में हुए विधान सभा चुनाव के चलते उन्होने सिराज के थुनाग में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। उस वक्त सिराज से भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर पूर्व पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री जयराम ठाकुर चुनावी मैदान में थे।

 

जय राम ठाकुर की इस चुनावी रैली में उमड़े कार्यकर्ताओं के जोश ने विराधियों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया था। थुनाग में भाजपा कार्यकर्ताओं का यह जोश देखकर अमित शाह ने उस समय जहां भाजपा कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई थी वहीं उन्हे आश्वस्त भी किया था कि जयराम ठाकुर को सरकार बनने पर कोई बड़ी जिम्मेवारी दी जाएगी। हालांकि बाद में हुआ भी कुछ ऐसा ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और सिराज के विधायक जयराम ठाकुर को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया।

 

करसोग में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित की गई चुनावी रैली में क्षेत्र के दूर दराज के ईलाकों से पहुंचे कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जहां कार्यकर्ताओं का सभा स्थल तक पहुंचने पर आभार व्यक्त किया वहीं भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की। उन्होने कहा कि कार्यकर्ताओं का ऐसा ही जोश उन्होने सिराज के थुनाग में 5 वर्ष पूर्व देखा था तथा कार्यकर्ताओं का वही जोश जीत में तब्दील भी हुआ था। आज वही कार्यकर्ताओं का जोश मैं करसोग में भी देख रहा हूं।

जनसभा स्थल पर उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को लेकर उन्होने कहा कि आप अपना जोश बरकरार रखते हुए करसोग से भाजपा प्रत्याशी को जिताकर विधानसभा पहुंचाएं ताकि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूती मिल सके।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts