Thursday, May 16, 2024

देश की जरूरत है पीएम मोदी : जयराम ठाकुर

  • देश की जरूरत है पीएम मोदी : जयराम ठाकुर

 

आपकी खबर, करसोग। 29 अप्रैल

 

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी देश की जरूरत है। देश के विकास को रफ्तार देने के लिए मोदी नेतृत्व आज की आवश्यकता है। जयराम ठाकुर जिला मंडी के उपमंडल करसोग मुख्यालय स्थित पुराना बाजार में पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जा रही है। इस सरकार के बचने की उम्मीद बिलकुल नहीं है। लोकसभा चुनाव के दौरान जहां केंद्र में मोदी सरकार बनेगी वहीं हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनने वाली है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है। पूर्व भाजपा सरकार ने लोगों की सहूलियत के लिए जो संस्थान खोले थे सुक्खू सरकार ने उन संस्थानों पर ताला लगा दिया है। बरसात में हुए नुकसान की भरपाई तक सरकार नहीं कर पाई है।

सड़कों के किनारे लगे मलबे के ढ़ेर अभी तक नहीं हटाए गए हैं। सड़कों की खराब हालत के चलते प्रदेश के लोग परेशान हैं। कांग्रेस ने खुद ही जहां अपनी पार्टी का सत्यानाश किया है वहीं प्रदेश का विकास भी पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। मंडी से लोकसभा प्रत्याशी कंगना रनौत के बारे में भी कांग्रेस के नेताओं ने अभद्र टिप्पणियां की हैं जिन्हे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह ने पहले ही चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। चुनाव न लड़ने के पीछे उन्होंने विकास कार्य न होने का तर्क दिया था।

सांसद के इसी बयान के बाद विक्रमादित्य सिंह को टिकट मिला। लेकिन विक्रमादित्य सिंह प्रदेश सरकार में मंत्री होने के बावजूद भी इस्तीफा देने पर मजबूर हो गए। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है की कांग्रेस सरकार में कुछ भी ठीक नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में होने वाले मतदान को लेकर कार्यकर्ता एक जुट होकर कार्य करें ताकि करसोग विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत को 30 हजार से ज्यादा की लीड मिल सके।

जयराम ठाकुर से पूर्व करसोग के पूर्व विधायक हीरा लाल ने भी अपने संबोधन मोदी नेतृत्व की खूब तारीफ की तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाया। करसोग के विधायक दीप राज भंथल ने जहां जयराम ठाकुर का स्वागत किया वहीं कांग्रेस सरकार पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। सम्मेलन के दौरान बारिश ने कार्यक्रम में खलल डालने की पूरी कोशिश की लेकिन कार्यकर्ताओं के हौंसले के आगे बारिश को भी अपने घुटने टेकने पड़े।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts