Saturday, July 27, 2024

मोदी न तो आनी आएंगे न विकास करेंगे, विकास तो प्रदेश सरकार ही करेगी : किशोरी लाल

  • मोदी न तो आनी आएंगे न विकास करेंगे, विकास तो प्रदेश सरकार ही करेगी : किशोरी लाल

आपकी खबर, आनी। 14 मई

मोदी को जीता कर क्या करेंगे, न तो मोदी यहां काम करने आएंगे न ही क्षेत्र का विकास कर पाएंगे।
यह बात आनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर 3 बार चुनाव लड़कर दो बार विधायक बने और 2 मई को कांग्रेस में जा मिले पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर ने बागीपुल में एक जनसभा में कही।
पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर ने अपने गृहक्षेत्र में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के चुनावी दौरे के दौरान आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्होंने दो बार भाजपा के विधायक के तौर पर अपने कार्यकाल में क्षेत्र का अपने दम पर अथाह विकास किया है, न कि भाजपा के कारण।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों को मंजूरी दिलवाने के लिए उन्होंने खुद फाइलों को यहां वहां घुमाया है।
2 मई को भाजपा छोड़ कांग्रेस में मिले पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर ने कहा कि उन्होंने 10 सालों तक क्षेत्र की जी जान से सेवा की थी।
लेकिन भाजपा के खुद को बड़े नेता समझने वालों ने उनका टिकट काट कर पार्टी विरोधी विचारधारा के ऐसे व्यक्ति को टिकट दे दिया जिसे पार्टी में आये 6 माह हुए थे और जिन्होंने 2017 में उनके खिलाफ ही चुनाव लड़ा था।
उन्होंने भाजपा के वर्तमान विधायक लोकेंद्र कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि आज आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोगों के काम करने के बजाए यह कहकर पल्लू झाड़ते हैं कि उनकी सरकार ही नहीं है। इतना ही नहीं वे जनता के बीच तक नहीं जाते।
भाजपा के दो बार विधायक रह चुके किशोरी लाल सागर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों का गुणगान करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर ही वे अपने 150 समर्थकों के साथ शिमला में कांग्रेस पार्टी में मिले हैं। उन्होंने कहा कि 2 मई को कांग्रेस जॉइन करते हुए उन्होंने प्रण लिया है कि कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को वे आनी विधानसभा क्षेत्र से 20 हजार मतों की बढ़त दिलवाकर रहेंगे।
उन्होंने विक्रमादित्य सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने एक ऐसा ब्रह्मास्त्र चुनावी रण में उतारा है,जो आनी विधानसभा क्षेत्र से वाकिफ है और जिन्होंने लोक निर्माण मंत्री रहते हुए आपदा में दर्जनों जेसीबी मशीनरी लगाकर बगीचों में सड़ने की कगार पर पहुंच चुके सेब को मंडियों तक पहुंचाया है।
इस अवसर पर जिला कॉंग्रेस कमेटी के पूर्वाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, ब्लॉक कॉंग्रेस कमेटी आनी के अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा, कांग्रेस के पूर्व में प्रत्याशी रह चुके बंसी लाल और परस राम आदि भी मौजूद रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts