ऊना के दोहरे हत्याकांड पर नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक, घटना को विचलित करने वाला बताया
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 9 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक है। जितनी दुखद यह घटना है, उतने ही विचलित करने वाले इसके कारण भी हैं।
देवभूमि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की कामना की। साथ ही उन्होंने घटना में लिप्त लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग कर कानून व्यवस्था के सुदृढ़ करने की मांग की।
