नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
आपकी खबर, ब्यूरो।
झाकड़ी, 1 नवंबर। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं निगम सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आज समापन हो गया। इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने मुख्य रूप से शिरकत की। समारोह में विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई थी। सप्ताह के दौरान इस विषय पर आधारित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ कर्मचारियों एवं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं विचारों के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला, विचारों एवं अभिव्यक्ति के माध्यम से ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श या विचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही किसी सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की वास्तविक नींव हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक एवं राष्ट्र निर्माता हैं। ऐसे में उनमें बचपन से ही सत्यनिष्ठा, अनुशासन और नैतिक आचरण के संस्कार विकसित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। साथ ही, महिलाओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं सुंदर रंगोलियों की भी विशेष सराहना की।
समारोह के अंत में विभिन्न विद्यालयों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम ने न केवल प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया, बल्कि समाज एवं कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन इसी संकल्प के साथ संपन्न हुआ कि ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा को जीवन और कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनाया जाए।
