पंचायतीराज मंत्री ने मंडी में की तैयारियों की समीक्षा, तकनीकी शिक्षा मंत्री भी रहे मौजूद
आपकी खबर, ब्यूरो।
मंडी, 28 नवंबर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, ग्राम एवं नगर नियोजन, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी तथा धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर ने शुक्रवार को मंडी में आगामी 11 दिसंबर को आयोजित किए जा रहे जन संकल्प सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पड्डल में सम्मेलन स्थल का निरीक्षण भी किया।
उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि 11 दिसंबर, 2025 को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर रही है। इस अवसर पर मंडी में आयोजित किए जा रहे जन संकल्प सम्मेलन के माध्यम से मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में आगामी दो वर्षों का दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और इसके सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभाएं व तमाम प्रबंध समयबद्ध पूरे करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में पहुंचने वाले लाभार्थियों के परिवहन सहित उनके ठहराव व भोजन इत्यादि की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने बाहर से आने वाले छोटे व बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा इन पार्किंग स्थलों पर आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। सम्मेलन स्थल पर भी बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल व शौचालय की सुविधा सहित पर्याप्त मात्रा में डस्टबिन इत्यादि स्थापित करने के लिए नगर निगम, जल शक्ति विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

