Search
Close this search box.

हिमाचल में रिवाज या बदलेगा ताज, 12 घण्टे बाद होगा फैसला, कल आएंगे विधानसभा चुनावी नतीजे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

आपकी ख़बर, शिमला।

हिमाचल प्रदेश में रिवाज या बदलेगा ताज इस पर अब से लगभग 12 घण्टे के बाद फैसला होगा। प्रदेश विधानसभा के चुनाव का परिणाम 8 दिसंबर यानी कल सामने आएगा। ऐसे में प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। बहरहाल यह रात गुजरने के बाद कल का सूरज किसके भाग्य में उजाला लाएगा और किसके लिए कल का दिन खास साबित नहीं होगा, यह कुछ ही घण्टों में तय होने वाला है। इसके साथ ही यह तय होगा कि हिमाचल में 5 साल के शासन के बाद भाजपा सरकार बदलने के रिवाज को बदलेगी या फिर कांग्रेस राज बदलकर सत्ता में लौटेगी। वीरवार को मतगणना में चुनाव लड़ने वाले 412 प्रत्याशियों के भविष्य पर निर्णय होगा। इसके लिए ईवीएम का पिटारा खुलेगा। राज्य की चौदहवीं विधानसभा के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था। 8 दिसंबर सुबह 8:00 बजे 68 केंद्रों पर मतगणना शुरू हो जाएगी। स्थान और सुविधा देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी इस बात को खुद तय करेंगे कि इसके लिए कितने टेबल लगाने हैं। एक टेबल पर भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से दो-दो कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। हर मतदान केंद्र पर लगभग 50 कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले 412 में से 388 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने सभी 68-68 सीटों पर उम्मीदवार खडे़ किए, जबकि आम आदमी पार्टी ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर बाकी 67 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। वाम दलों ने 12 सीटों पर लड़ी। बसपा, देवभूमि पार्टी समेत कई दलों ने भी उम्मीदवार दिए। बड़ी संख्या में निर्दलियों ने भी भाग्य आजमाया है। 

Leave a Comment

और पढ़ें