Search
Close this search box.

सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

आपकी खबर, शिमला।

तमिलनाडु में सेना का हेलीकाप्टर क्रैश होने से सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे के वक्त हेलीकाप्टर में सीडीएस और उनकी पत्नी समेत सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वायु सेना ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। समाचार एजेंसी एएनआई ने भी हेलीकाप्टर में सवार 14 लोगों में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। साथ ही जानकारी है कि शवों की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। केंद्र सरकार वीरवार को संसद में दुर्घटनाग्रस्त हुए सैन्य हेलीकॉप्टर एमआई-17 वी5 के बारे में जानकारी देगी। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायु सेना ने जांच के आदेश दिए हैं।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व केंद्रीय मंत्रिमंडल सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों ने इस घटना पर शोक जताया है।

 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया

 

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज तमिलनाडु में एक हेलीकाॅप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने राष्ट्र की सुरक्षा और भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए बहुत योगदान दिया। उनका निधन देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि देश ने भारतीय सेना के एक सम्मानित अधिकारी और शीर्ष कमांडर को खो दिया है, उन्होंने कई महत्वपूर्ण अवसरों पर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत द्वारा राष्ट्र को प्रदान की गई सर्वोच्च सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

Leave a Comment

और पढ़ें