17 फरवरी को शिमला में पेन्शनरों का बड़ा धरना, 18 संगठनों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
अंबेडकर चौक में गूंजेगी पेन्शनरों की आवाज, संयुक्त संघर्ष समिति का सांकेतिक धरना कल
पेन्शन, महंगाई राहत और बकाया भुगतान पर घमासान, शिमला में पेन्शनरों का विरोध प्रदर्शन 17 को
आपकी खबर, शिमला।
16 फरवरी। हिमाचल प्रदेश में पेन्शनरों के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज होने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश पेन्शनर संयुक्त संघर्ष समिति ने 17 फरवरी यानी कल राजधानी शिमला में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। यह धरना प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अम्बेडकर चौक, चौड़ा मैदान में आयोजित होगा।
समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पेन्शनरों के 18 संगठनों के राज्यस्तरीय पदाधिकारी भाग लेंगे।
संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान पेन्शनरों से जुड़े लंबित और ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में सरकार की कार्यप्रणाली, नीतियों में विरोधाभास और पेन्शनरों की समस्याओं के समाधान में हो रही देरी पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
समिति का कहना है कि प्रदेश में हजारों पेन्शनर विभिन्न आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। धरने के माध्यम से सरकार से मांग की जाएगी कि पेन्शनरों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए, वित्तीय लाभ और भत्तों से जुड़े मामलों में स्पष्ट नीति बनाई जाए, पेन्शनरों को समयबद्ध राहत प्रदान की जाए।

