बिजली सब्सिडी के लिए राशन कार्ड लिंक अनिवार्य, 15 अप्रैल से लागू होगी नई व्यवस्था
घर बैठे लिंक करें राशन कार्ड से बिजली मीटर, सरकार लॉन्च करेगी ऑनलाइन पोर्टल
एक राशन कार्ड पर सिर्फ दो मीटर को ही सब्सिडी, नई नीति से फर्जी लाभार्थियों पर लगेगी रोक
आपकी खबर, शिमला।
4 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह खबर खास है। सुक्खू सरकार ने बिजली सब्सिडी का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड को बिजली मीटर से जोड़ना अनिवार्य किया है। यह नई व्यवस्था 15 अप्रैल 2026 से लागू होगी। इसके लिए सरकार एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने जा रही है, जहां उपभोक्ता घर बैठे ही अपने राशन कार्ड को अधिकतम दो बिजली मीटरों से लिंक कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को अब बिजली बोर्ड के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पोर्टल पर लॉग इन करके उपभोक्ता अपना राशन कार्ड नंबर और बिजली मीटर से जुड़ी जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद विभाग द्वारा सत्यापन किया जाएगा और प्रक्रिया पूरी होने पर राशन कार्ड को मीटर से लिंक कर दिया जाएगा। इस डिजिटल व्यवस्था से उपभोक्ताओं का समय बचेगा और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से सुविधा और पारदर्शिता दोनों में सुधार होगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब एक राशन कार्ड पर अधिकतम दो बिजली मीटर को ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा। यदि किसी उपभोक्ता के नाम पर दो से अधिक मीटर हैं, तो तीसरे मीटर से आगे के सभी कनेक्शन पर पूर्ण बिजली बिल देना होगा। विद्युत विभाग के अनुसार, इस नई प्रणाली से सब्सिडी वितरण में पारदर्शिता आएगी और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी।
