कांग्रेस का संविधान लीडरशिप प्रोग्राम शिमला में लॉन्च, डिजिटल राजनीतिक इन्फ्लुएंसर्स तैयार करने पर जोर
संविधान की आवाज को मिलेगा डिजिटल मंच: शिमला में युवा कांग्रेस का नया लीडरशिप प्रोग्राम शुरू
आपकी खबर, शिमला।
5 अप्रैल। भारतीय युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार शिमला स्थित राजीव भवन में रविवार को संविधान लीडरशिप प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय प्रवक्ता शुभ्रा जिंटा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से लॉन्च किया।
प्रेस वार्ता के दौरान शुभ्रा जिंटा ने बताया कि इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल आधारित राजनीतिक इन्फ्लुएंसर्स तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह पहल संविधानिक मूल्यों की रक्षा और सत्य प्रतिरोध के रूप में एक राजनीतिक आंदोलन का रूप लेगी।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस अब संगठन की सीमाओं से बाहर निकलकर जनसमूह तक पहुंच बनाने पर फोकस कर रही है। इसके तहत अल्टरनेट मीडिया नेटवर्क से जुड़ने और उन लोगों को साथ लाने का प्रयास किया जाएगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस के साथ अपनी आवाज उठाई है।
शुभ्रा जिंटा ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार, अन्याय और सत्ता की चुप्पी को चुनौती देने के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत मीडिया नेटवर्क तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि वे मानते हैं कि मीडिया को सत्ता नहीं बल्कि जनता की सेवा करनी चाहिए, तो यह मंच उनके लिए एक बेहतर अवसर है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस फिजिटल लीडरशिप पहल के तहत युवाओं को कानूनी समर्थन, पहचान, राजनीतिक अवसर, तकनीकी प्रशिक्षण और प्राथमिकता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर जिला शिमला युवा कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव तुषार स्तान, शिमला शहरी अध्यक्ष अतुल ठाकुर तथा शिमला नगर निगम युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कन्याल भी उपस्थित रहे।
