रिज मैदान में गूंजे कदमताल, हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियां तेज
शिमला के रिज पर पुलिस बल की रिहर्सल, जिला स्तरीय समारोह की तैयारी अंतिम चरण में
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 12 अप्रैल। हिमाचल दिवस समारोह को लेकर राजधानी शिमला में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ऐतिहासिक रिज मैदान पर रविवार को पुलिस बल ने रिहर्सल की। इस दौरान पुलिस के जवानों ने मार्चपास्ट और परेड की बारीकियों का अभ्यास किया, ताकि समारोह के दिन सब कुछ सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और परेड की एक-एक गतिविधि को बारीकी से जांचा। कदमताल, सलामी और अनुशासन का विशेष ध्यान रखते हुए जवानों ने अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि इस बार जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन रिज मैदान में ही किया जाएगा, जिसके लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड और विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
