धरोगड़ा स्कूल में 11 पद खाली, ग्रामीणों ने शिक्षा निदेशक से लगाई गुहार
प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 8 अप्रैल। जिला शिमला की सुन्नी तहसील के तहत धरोगड़ा पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को हिमाचल प्रदेश पेंशन संयुक्त संघर्ष समिति के महासचिव भूमराम वर्मा के नेतृत्व में उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक आशिष कोहली से मिला।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने धरोगड़ा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में लंबे समय से खाली चल रहे शिक्षकों और गैर-शिक्षकों के कुल 11 पदों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इन पदों के रिक्त होने से स्कूल में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा और शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की। इस अवसर पर धरोगड़ा-बाग की पूर्व बीडीसी सदस्य दीप्ति कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में एसएमसी प्रधान खेमराज भंडारी, उपप्रधान अशोक कश्यप, तेजराम, अशोक कुमार, सुरेश भंडारी, दलिप वर्मा और महेश्वर वर्मा सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
निदेशक आशिष कोहली ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
