ऊना: जोगीपंगा में राज्य अनुसूचित जाति आयोग का जागरूकता शिविर आयोजित
आपकी खबर, बंगाणा (ऊना)।
15 मार्च। ऊना जिले की कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जोगीपंगा में रविवार को राज्य अनुसूचित जाति आयोग की ओर से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण तथा उनके कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं तथा कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में आयोग के अध्यक्ष पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग को अनेक महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान किए गए हैं, लेकिन आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग इनके प्रति पूरी तरह जागरूक नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि अनुसूचित जाति वर्ग के किसी व्यक्ति के साथ अत्याचार होता है तो वह आयोग के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। आयोग ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और आयोग 24 घंटे लोगों की सेवा के लिए तत्पर है।
डॉ. अंबेडकर के विचारों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा, “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करते रहो। संघर्ष के बिना कौमें बिखर जाती हैं।” उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अंबेडकर ने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा, सरकारी नौकरियों और विधायिका में आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे समाज के वंचित वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश समन्वयक अनुसूचित जाति विभाग लेख राज भारती, जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग बलराम महे, ब्लॉक अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग कुटलैहड़ गुरपाल कलसी,राज महे राष्ट्रीय दलित आंदोलन महासचिव, चरणी देवी, सुषमा देवी और नीलम देवी, महिंदर सिंह लाठियानी, रमेश बंगा, गुलजारी लाल, दुर्गा दास और राकेश कटनोरिया,सत्या देवी के अतिरिक्त कार्यक्रम में कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका, उपमंडलाधिकारी सोनू गोयल, बीडीओ किशोरी लाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आवास पंडित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

