उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने संत ढांगू वाले महाराज जी की जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
धार्मिक स्थलों के विकास एवं सौंदर्यकरण की प्रतिबद्धता दोहराई, 12 करोड़ से बनेगी पंडोगा रोपवे परियोजना
आपकी खबर, ऊना।
3 अप्रैल। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को जखेवाल में संत बाबा श्री ढांगू वाले महाराज जी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य संत श्री अनूप जी महाराज से आत्मीय भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संत ढांगू वाले महाराज जी का जीवन जनसेवा, शिक्षा के प्रसार और मानव कल्याण के उच्च आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ज्ञान का दीप प्रज्वलित किया और स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए मानवता की सच्ची सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जो समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संतों की इस महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए धार्मिक स्थलों के विकास, सौंदर्यकरण और सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके सौंदर्यकरण पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
शीतला माता मंदिर ईसपुर के भव्य निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र में विभिन्न गांवों में गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य अनेक धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी पर्याप्त धनराशि प्रदान की गई है।
