शिमला : युवा कांग्रेस की जिलास्तरीय बैठक में आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा
आपकी खबर, शिमला।
6 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सोमवार को जिला शिमला युवा कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने की। बैठक में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के सह प्रभारी ज्योतिष एच एम, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर एवं प्रदेश महासचिव डॉ रंजीत सिंह वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला युवा कांग्रेस द्वारा पूर्व में किए गए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही युवा कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “किसान न्याय सत्याग्रह” के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर सहमति बनी।
जिला अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा कि युवा कांग्रेस जिला शिमला में युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
वहीं प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है और आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन के विस्तार और जनसेवा के कार्यों में जुटने का संदेश दिया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ रंजीत सिंह वर्मा, अंकुर शर्मा, प्रदेश सचिव तुषार स्तान सहित शिमला जिला के विभिन्न विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
