मनाली में मौसम ने ली करवट : आज भारी बर्फबारी का अलर्ट, पारा माइनस 6 डिग्री तक लुढ़का
शिमला में भी छाए रहे बादल, अच्छी बारिश की संभावना
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 14 दिसंबर। पर्यटन नगरी मनाली में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है। रविवार को मनाली और इसके ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी (Heavy Snowfall) का अलर्ट जारी किया गया है। क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे पारा गिरकर माइनस (-) 6°C तक पहुंचने का अनुमान है। उधर शिमला में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। इससे ठंडक और भी बढ़ गई है।
उधर पर्यटक स्थल मनाली में सुबह 11:45 बजे के आसपास तापमान लगभग 5 डिग्री दर्ज किया गया है। आज दिन का अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अगर हम रात की बात करे तो पारा गिरकर -6 डिग्री तक जा सकता है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग ने दिन में बर्फबारी और रात में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसकी संभावना 40 से 65 प्रतिशत तक है। बर्फबारी के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रे सहित कई ऊपरी रास्ते पहले ही बंद हैं। मनाली-लेह मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले या बर्फीले इलाकों की यात्रा न करें। क्षेत्र में अत्यधिक ठंड को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से गर्म कपड़े पहनने और पर्याप्त सावधानी बरतने की अपील की है।
यह बर्फबारी हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चली आ रही शुष्कता को खत्म करेगी और आने वाले सेब के सीजन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। इस बर्फबारी से मनाली और शिमला में नए साल की शुरुआत से पहले पर्यटन को एक बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

