असम में कांग्रेस सरकार बनने का दावा, 73 सीटों का लक्ष्य: खड़गे
बोले, असम की जनता बदलाव चाहती है, युवा बना चुके कांग्रेस को जीतने का मन
आपकी खबर, ब्यूरो।
असम। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम में पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और पार्टी करीब 73 सीटें जीतने की स्थिति में है।
खड़गे ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने खास तौर पर उन लोगों से भी वोट डालने की अपील की, जो राज्य से बाहर रह रहे हैं, ताकि वे वापस आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि असम की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस को व्यापक समर्थन मिल रहा है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से “भद्र और सुशील मुख्यमंत्री” चुनने की अपील भी की।
चुनावी सभाओं के दौरान खड़गे ने विश्वास जताया कि कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत हासिल करेगा और राज्य में नई सरकार बनाएगा। उन्होंने अनुमान लगाया कि 126 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को लगभग 72-73 सीटें मिल सकती हैं।
राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। चुनावी माहौल के बीच नेताओं के बयान और आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिससे राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ रहा है।
