Saturday, May 4, 2024

लंच के बहाने प्रदेश कांग्रेस ने दिया एकजुटता का संदेश

लंच के बहाने प्रदेश कांग्रेस ने दिया एकजुटता का संदेश

आपकी खबर, शिमला।

बेशक हिमाचल में ठंड ने दस्तक दे हो लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में गर्माहट बरकरार है। भाजपा हो या कांग्रेस दोनों पार्टियों में सक्रियता नजर आ रही है। वीरवार को भी हिमाचल कांग्रेस ने गर्मजोशी के साथ पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया। मंडी लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को अपने निवास स्थान हॉलीलॉज में कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायकों के लिए दोपहर के भोजन (लंच) का आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू से लेकर कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता लंच पर हालीलाज पहुंचे। सभी ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में जीत पर बधाई दी। इस लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा रही। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे हालीलाज का शक्ति प्रदर्शन बता रहे थे तो कांग्रेस विधायकों का कहना था कि जीत के बाद यह लंच दिया गया। लंच डिप्लोमेसी के बहाने कांग्रेस की एकजुटता आने वाले समय के लिए कई अहम संदेश दे रही है। मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी यदि एकजुट होकर चुनाव लड़ती है तो जीत की राह आसान होगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हालीलाज में अकसर इस तरह के लंच और डिनर का आयोजन करते थे। अपने जन्मदिन पर वह पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं को बुलाते थे। वहीं कई अन्य मौकों पर भी वह नेताओं को हालीलाज बुलाते थे। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह द्वारा लंच का आयोजन किया गया। इसमें सभी नेताओं ने अपनी हाजिरी भरकर संदेश दिया कि पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है। मंडी सीट से जीत के बाद हालीलाज में प्रदेशभर से लोग बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। वीरवार सुबह कांग्रेस सेवादल और शहरी कांग्रेस के कई नेता हालीलाज पहुंचे और प्रतिभा सिंह को जीत पर बधाई दी। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष व पार्षद इंद्रजीत सिंह, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित अन्य नेता भी बधाई देने हालीलाज पहुंचे थे। लंच के बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के फोटो खूब वायरल हो रहे हैं। इन्हें देखकर राज्य में काफी चर्चा का माहौल बन गया है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

spot_img

Latest Posts