छोहारा में DDUGKY मोबिलाइजेशन कैंप, 100 से अधिक दीदियों ने उठाया कौशल विकास का लाभ
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: छोहारा में DDUGKY कैंप में उमड़ी दीदियों की भीड़
आपकी खबर, रोहड़ू।
26 फरवरी। विकास खंड छोहारा में वीरवार को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDUGKY) के तहत एक दिवसीय मोबिलाइजेशन कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में क्षेत्र की लगभग 100 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना था। कैंप में DDUGKY की PIA सुंदरनगर टीम ने प्रतिभागियों को योजना के विभिन्न पहलुओं—प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, स्टाइपेंड, आवासीय सुविधाएं तथा जॉब अवसरों—के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मिशन एक्सीक्यूटिव कुशाल सिंह, विकास खंड रोहड़ू के मिशन एक्सीक्यूटिव संदीप जी, एरिया कोऑर्डिनेटर मधुबाला, तथा MIS अधिकारी अंकिता जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें विभिन्न प्रशिक्षण ट्रेड्स में नामांकन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में क्षेत्र में और अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वरोजगार योजनाएं तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां चलाई जाएंगी, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो सके।
अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करें। प्रतिभागियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलते हैं।
यह मोबिलाइजेशन कैंप ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

