राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एसजेवीएन की राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
ऊर्जा संरक्षण का संदेश रंगों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की पहल
आपकी खबर, ब्यूरो
शिमला, 20 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज एसजेवीएन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता का आयोजन एसजेवीएन के कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में किया गया।
कार्यक्रम में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों की पेंटिंगों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंगों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा की।
राज्यपाल ने ग्रुप ‘ए’ (कक्षा पांचवीं से सातवीं) तथा ग्रुप ‘बी’ (कक्षा आठवीं से दसवीं) के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त, दोनों समूहों में 10-10 विद्यार्थियों को 7,500 रुपये प्रति विद्यार्थी की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न तथा 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ रहे। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा दक्षता, बिजली की बचत और ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया गया।
एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों से कुल 2,38,548 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा दोनों समूहों से 55-55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंगों का चयन किया गया, जिसके आधार पर विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, राज्य सरकार, राज्य शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित हितधारकों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दोनों समूहों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेता विद्यार्थी 11 दिसंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी।
