ICAI हिमाचल शाखा की नई कार्यकारिणी का गठन, सीए चेतन कुमार बने अध्यक्ष
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स हिमाचल को नई दिशा: चेतन कुमार के नेतृत्व में नई टीम तैयार
ICAI NIRC हिमाचल चुनाव परिणाम घोषित, नई कार्यकारिणी से विकास को मिलेगी रफ्तार
आपकी खबर, शिमला।
27 फरवरी। भारतीय चार्टर्ड लेखाकार संस्थान (ICAI) की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद (NIRC) की हिमाचल प्रदेश शाखा के वर्ष 2026-27 के कार्यकाल हेतु पदाधिकारियों का निर्वाचन हुआ। 27 फरवरी को घोषित परिणामों में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अनुभवी एवं युवा पेशेवरों का संतुलित प्रतिनिधित्व देखने को मिला।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार सीए चेतन कुमार को शाखा का अध्यक्ष चुना गया है। सीए गौरव ठाकुर उपाध्यक्ष, सीए खुशमीत सचिव एवं उत्तरी भारत चार्टर्ड लेखाकार छात्र संघ (निकासा) के अध्यक्ष, सीए नरेश कुमार डोगरा कोषाध्यक्ष, जबकि सीए पंकज रत्तन और सीए होमी कुमार चटर्जी कार्यकारी सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए चेतन कुमार ने अपने पहले वक्तव्य में कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शाखा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में सदस्यों के व्यावसायिक कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, शाखा में पारदर्शिता, नवाचार और सामूहिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से हिमाचल शाखा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
विगत वर्ष के अध्यक्ष सीए पंकज रत्न ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग एवं मार्गदर्शन देने वाले सभी कार्यकारी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नई टीम को शुभकामना देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी सदस्यों और विद्यार्थियों के हित में उत्कृष्ट कार्य करेगी।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद हिमाचल प्रदेश के चार्टर्ड अकाउंटेंट समुदाय में उत्साह का माहौल है। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई टीम पेशेवर मानकों को और मजबूत करेगी तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगी।

