
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से, चार सांस्कृतिक संध्याओं के साथ मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता
उपायुक्त शिमला बोले : लेजर शो और पारंपरिक स्वाद महोत्सव होंगे मुख्य आकर्षण
आपकी खबर, ब्यूरो।
रामपुर बुशहर, 12 अक्तूबर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के आयोजन को लेकर मेला आयोजन समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में रामपुर में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आयोजन 11 से 14 नवंबर तक किया जाएगा।
मेले के दौरान चार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिनमें दो संध्याएं पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड तथा एक पंजाबी संगीत पर आधारित होगी। इसके अतिरिक्त खेलकूद प्रतियोगिताएं, लेजर शो, पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, पारंपरिक स्वाद महोत्सव, वॉल आर्ट प्रतियोगिता तथा मिस्टर एवं मिस बुशहर प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और हमारी सभ्यता का अभिन्न अंग है। इस मेले के माध्यम से वर्षों से चली आ रही व्यापारिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाने के साथ-साथ विलुप्त हो रही पारंपरिक वस्तुओं, कलाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
लवी मेले में बुशहर रियासत के इतिहास, संस्कृति एवं समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत ऐतिहासिक एवं विरासत प्रदर्शनी, पुराने छायाचित्रों और दस्तावेजों का प्रदर्शन, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पादों, पारंपरिक आभूषणों तथा स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त सेब एवं अन्य बागवानी उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, स्वयं सहायता समूहों (SHG), किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। पारंपरिक शिल्प का सजीव प्रदर्शन, स्थानीय वास्तुकला एवं विरासत का प्रदर्शन, रामपुर हेरिटेज वॉक और पारंपरिक लवी बाजार भी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। मेले में बुशहर और तिब्बत के ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
