शिमला में भाजपा का सक्रिय सदस्यता सम्मेलन, कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ किया प्रदर्शन
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 10 अप्रैल। शिमला स्थित दीपकमल चक्कर भाजपा कार्यालय में आज सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दोनों मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर और शिवानी ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सम्मेलन में प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, इतिहास और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गठन भले ही 1980 में हुआ हो, लेकिन इसकी विचारधारा भारतीय जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी हुई है, जिसकी जड़ें काफी पुरानी हैं। उन्होंने बताया कि 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई, जिसने राष्ट्रवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाया।

गणेश दत्त ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि वर्तमान समय के कई नेताओं का उस दौर से कोई संबंध नहीं रहा। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि उनके कुछ फैसलों का प्रभाव आज भी देश पर देखा जा सकता है।
उन्होंने आपातकाल 1975 को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि उस दौरान विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। बाद में सभी विपक्षी दल एकजुट होकर सत्ता में आए और 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष केशव चौहान, प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्यार सिंह कंवर, कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, सह सचिव किरण बाबा, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश मानक, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर, मंडल महामंत्री प्रमोद शर्मा, रोशन वर्मा, महेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और अधूरी दस गारंटियों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
