शिमला का टका बेंच बना आशिकी का अड्डा, सार्वजनिक व्यवहार पर लोगों ने जताई आपत्ति
लोगों ने प्रशासन से की अनुशासन बरतने की मांग
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रिज मैदान के समीप स्थित टका बेंच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक युवक-युवती के सार्वजनिक व्यवहार को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बताया जा रहा है कि उक्त घटना को कुछ लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में युवक-युवती को सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में असहजता का माहौल बन गया।
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का कहना है कि रिज और आसपास के क्षेत्र शहर की पहचान हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में परिवार और पर्यटक घूमने आते हैं। ऐसे में इस तरह का व्यवहार सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ है और इससे शहर की छवि प्रभावित होती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्ती बरती जाए और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए।
