कांग्रेस राज में क्राइम कैपिटल बनता जा रहा हिमाचल प्रदेश, लगातार हत्याओं से दहशत में जनता : डॉ. राजीव बिंदल
बोले -प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई, अपराधियों के हौसले बुलंद और आम नागरिक की सुरक्षा खतरे में
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 11 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और शांतिप्रिय हिमाचल प्रदेश अपराधियों की गतिविधियों के कारण क्राइम कैपिटल बनता दिखाई दे रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों के भीतर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार थार गाड़ी चढ़ाकर दो लोगों की निर्मम हत्या किए जाने की घटना सामने आई, वह अपराधियों की बढ़ती बेखौफ प्रवृत्ति का उदाहरण है। नालागढ़ में सरेआम गोलीबारी की घटनाओं ने भी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला सिरमौर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा कर दिया है। दो दिन पूर्व नाहन-कुमारहट्टी मार्ग पर एक महिला का शव मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। इसके बाद शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार की हत्या की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर पर गोली मारे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसले और कथित माफिया गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को भयमुक्त वातावरण और सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
