ठियोग क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विक्रमादित्य सिंह
मेले हमारी संस्कृति को बढ़ाने में निभाते हैं अहम भूमिका : कुलदीप सिंह राठौर
आपकी खबर, ब्यूरो
ठियोग, 17 अगस्त। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दो दिवसीय ठियोग उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्थानीय विधायक कुलदीप राठौर ने मुख्यतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ विशिष्ट अतिथि वाइस चेयरमैन हिमुडा यशवंत छाजटा को नगर परिषद चेयरमैन करुणा कंवर ने शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यतिथि ने कहा कि ठियोग उत्सव हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है। इसके साथ यह उत्सव यहां की संस्कृति का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के सहयोग से सड़क, बागवानी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों, गायकों और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों का भी स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिमला से रामपुर तक मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 1,400 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह मार्ग रामपुर सहित किन्नौर और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग और सड़क बोर्ड के माध्यम से आवश्यक बजट उपलब्ध करवाकर सड़कों को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए सड़कों को यातायात के लिए सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनरी और श्रम शक्ति को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि बागवानों के लिए महत्वपूर्ण छैला-यशवंत नगर सड़क के उन्नयन के लिए भी निरंतर प्रयास किए गए हैं। इस सड़क परियोजना के लिए करीब 239 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है और इसका कार्य शीघ्र चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के बागवानों और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी तथा उनकी उपज को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
मेले हमारी संस्कृति को बढ़ाने में निभाते हैं अहम भूमिका : कुलदीप सिंह राठौर
स्थानीय विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते है। प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए अनेको योजनाओं को लागू किया है। यहां की आर्थिकी को मज़बूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे है।
इस मौके पर नगर परिषद वाइस चेयरमैन कमला शर्मा, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मोक्टा, बीडीसी अध्यक्ष रीटा, सीनियर एडवोकेट जनरल महेंद्र जरेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय शर्मा, टिक्का दिग्विजय चंद, रूपेश, सत्यजीत नेगी, एसडीएम डॉ मेजर शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, ईओ नगर परिषद डॉ वरुण शर्मा सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।
